अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
अजय गणपति के कुशल निर्देशन में सितारगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली सितारगंज पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 08 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरोह के सदस्य चोरी की बाइकें नेपाल में बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर एवं क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुन्दरम शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा लगातार सुरागरसी और पतारसी की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार पिछले करीब दो माह से सितारगंज और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बाइक चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। दिनांक 07 मई 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सिडकुल क्षेत्र स्थित सूखी नदी पुलिया के पास से दो अंतर्राज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन सिकदार निवासी सिमलपुर चुंगी बंगाली कॉलोनी थाना पुलभट्टा तथा समर सिंह निवासी शक्तिफार्म बैकुण्ठपुर सितारगंज के रूप में हुई। आरोपियों के कब्जे से शक्तिफार्म के चड़क मेले से चोरी की गई बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने साथी अमरजीत सिंह के साथ मिलकर रुद्रपुर, किच्छा, बाजपुर, बरेली और बहेड़ी सहित विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर नेपाल में बेचते थे। आरोपियों ने अब तक करीब 25 चोरी की बाइक नेपाल में बेचने की बात कबूल की है। गिरोह का फरार सदस्य अमरजीत सिंह चोरी की बाइक नेपाल सीमा क्षेत्र में ले जाकर बेचता था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 08 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें बुलेट, दो अपाचे बाइक, प्लेटिना, डिस्कवर, हीरो स्प्लेंडर, एनटॉर्क स्कूटी सहित अन्य वाहन शामिल हैं। बरामद वाहनों के संबंध में विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी अमरजीत सिंह की तलाश में जुटी हुई है।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी टीम
वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद
उपनिरीक्षक जगदीश तिवारी
उपनिरीक्षक कैलाश देव
अपर उपनिरीक्षक राकेश रौकली
अपर उपनिरीक्षक प्रेम सिंह
कांस्टेबल जगदीश कोठियाल
कांस्टेबल भूपाल सिंह
कांस्टेबल सुमित चौधरी
कांस्टेबल कपिल कुमार
कांस्टेबल अशोक बोरा
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और वाहन चोरी, नशा तस्करी तथा संगठित अपराध में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।।

