ऊधम सिंह नगर

समय से पहले बढ़ी गर्मी ने बढ़ाई चिंता, स्वास्थ्य पर मंडराया खतरा लंबे समय तक जारी रह सकती है गर्मी, लू और डिहाइड्रेशन से बचाव जरूरी

समय से पहले बढ़ी गर्मी ने बढ़ाई चिंता, स्वास्थ्य पर मंडराया खतरा

लंबे समय तक जारी रह सकती है गर्मी, लू और डिहाइड्रेशन से बचाव जरूरी

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

इस वर्ष मौसम के मिजाज में आए अचानक बदलाव ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अप्रैल माह में ही पड़ रही भीषण गर्मी ने यह संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में तापमान और अधिक बढ़ सकता है तथा गर्मी का यह दौर लंबा खिंच सकता है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार गर्म हवाओं और लू का असर सामान्य से अधिक देखने को मिल सकता है, जिसका सीधा प्रभाव जनजीवन और स्वास्थ्य पर पड़ेगा।

वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. एम.के. तिवारी ने बताया कि बढ़ती गर्मी के कारण अस्पतालों में लू लगने, डिहाइड्रेशन और थकावट से जुड़े मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सावधानी नहीं बरती गई तो यह स्थिति और गंभीर हो सकती है। खासतौर पर बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोग इस मौसम में अधिक संवेदनशील होते हैं।

डॉ. तिवारी के अनुसार, तेज धूप और गर्म हवाओं के संपर्क में आने से शरीर का तापमान तेजी से बढ़ता है, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा उत्पन्न होता है। उन्होंने बताया कि अधिक पसीना आने के बाद अचानक शरीर का ठंडा पड़ जाना, चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना और सिरदर्द जैसे लक्षण लू लगने के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत छायादार स्थान पर आराम करना, शरीर को ठंडा रखना और तरल पदार्थों का सेवन करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस मौसम में शरीर में पानी की कमी सबसे बड़ी समस्या बनकर उभरती है। इसलिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। इसके अलावा नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और ओआरएस जैसे पेय पदार्थ शरीर को हाइड्रेट रखने में मददगार होते हैं।

डॉ. तिवारी ने लोगों से अपील की कि गर्मी से जुड़ी बीमारियों को लेकर फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट जानकारी से बचें और केवल योग्य चिकित्सकों की सलाह का ही पालन करें।

इधर, स्वास्थ्य विभाग ने भी बढ़ती गर्मी को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने नागरिकों से दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, सिर को ढककर रखने और धूप में निकलते समय पर्याप्त सावधानी बरतने की अपील की है।

वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. एम.के. तिवारी की सलाह:

दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें

दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचें

हल्के, सूती और ढीले कपड़े पहनें

बाहर जाते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकें

लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें

बढ़ती गर्मी को देखते हुए विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है। ऐसे में सतर्क रहना ही सबसे बड़ा बचाव है।

error: Content is protected !!
Call Now Button