ऊधम सिंह नगर

उधम सिंह नगर की बेटियों ने बढ़ाया मान: शिखा गुप्ता ने उत्तीर्ण की ऑल इंडिया खो-खो रेफरी परीक्षा

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के लिए गर्व का क्षण है। ऑल इंडिया खो-खो रेफरी परीक्षा में जिले की दो महिलाओं ने सफलता हासिल कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि में रुद्रपुर निवासी शिखा गुप्ता ने विशेष रूप से बाजी मारते हुए अपनी पहचान बनाई है।देशभर से आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा में कुल 51 प्रतिभागियों ने सफलता प्राप्त की, जिनमें उधम सिंह नगर से दो महिला प्रतिभागियों का चयन होना जिले के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। खटीमा की माया साहनी और रुद्रपुर के दरियानगर की शिखा गुप्ता ने परीक्षा उत्तीर्ण कर रेफरी बनने का गौरव हासिल किया।

शिखा गुप्ता लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं और सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती रही हैं। वह भाईचारा एकता मंच की आजीवन सदस्य भी हैं, जिसके चलते उनकी इस सफलता पर सामाजिक संगठनों में खासा उत्साह देखने को मिला।

उनकी इस उपलब्धि पर भाईचारा एकता मंच के केंद्रीय अध्यक्ष केपी गंगवार समेत कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्षेत्र के अन्य लोगों और खेल प्रेमियों ने भी इस सफलता को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे जिले की अन्य बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं—चाहे वह शिक्षा हो, खेल हो या नेतृत्व का मंच।।

error: Content is protected !!
Call Now Button