ऊधम सिंह नगर

लोकवाहिनी की बैठक में महिला आरक्षण, पर्यटन और अंकिता प्रकरण पर उठे सवाल

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

अल्मोड़ा में लोकवाहिनी की बैठक संगठन के अध्यक्ष राजीव लोचन साह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।

बैठक में महिला आरक्षण को लेकर वक्ताओं ने कहा कि लोकसभा सीटों के साथ इसे जोड़कर भारतीय जनता पार्टी भ्रम फैला रही है। उनका कहना था कि यदि सरकार वास्तव में महिला आरक्षण लागू करना चाहती है तो मौजूदा लोकसभा सीटों पर ही संवैधानिक प्रावधानों के तहत तत्काल आरक्षण दिया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि इस विषय पर सभी राजनीतिक दलों के साथ आम सहमति बनाई जा सकती है, जबकि संसद की सीटों में वृद्धि एक अलग मुद्दा है, जिस पर विस्तृत चर्चा की आवश्यकता है।पर्यटन के मौजूदा स्वरूप पर भी बैठक में गहरी चिंता व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि अनियंत्रित पर्यटन, चाहे वह धार्मिक हो या सामान्य, उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों के लिए अभिशाप बनता जा रहा है। इससे सड़कों और छोटे शहरों पर अत्यधिक दबाव बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है और पर्यावरणीय संकट भी गहराता जा रहा है। थराली और धराली जैसी आपदाओं को भी इसी संदर्भ में जोड़ा गया।

बैठक में अंकिता हत्याकांड को लेकर भी नाराजगी जताई गई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपना रही है। उन्होंने मांग उठाई कि मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जाए, ताकि दोषियों का निष्पक्ष तरीके से पर्दाफाश हो सके।

इसके अलावा मनुष्य और वन्यजीव संघर्ष को लेकर भी चिंता जताई गई। वक्ताओं ने कहा कि एक ओर सरकार धार्मिक मुद्दों को हवा दे रही है, वहीं दूसरी ओर लोग हिंसक वन्यजीवों के हमलों का शिकार हो रहे हैं और वन विभाग इस समस्या से निपटने में असफल साबित हो रहा है।

बैठक के समापन पर राजीव लोचन साह ने बताया कि डॉ. शमशेर सिंह बिष्ट की आठवीं पुण्यतिथि पर पुनः एक विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्वान अपने विचार रखेंगे।

बैठक में पूरन चंद्र तिवारी, एडवोकेट जगत रौतेला, दयाकृष्ण कांडपाल, जंगबहादुर थापा, अजयमित्र सिंह बिष्ट, एडवोकेट अजय सिंह मेहता, हारिस मुहम्मद, कुंदन सहित अन्य लोगों ने भाग लेकर अपने विचार व्यक्त किए।।

error: Content is protected !!
Call Now Button