Wednesday, July 29, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर में घर में घुसकर चोरी, आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के बालाजी पुरम फुलसुंगा इलाके में एक घर में घुसकर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित धमेन्द्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 17 अप्रैल 2026 की रात करीब 12:42 बजे और 3:10 बजे के बीच तीन लोगों ने उनके घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

तहरीर के अनुसार, आरोपियों की पहचान राहुल, इकबाल और अवनीश के रूप में हुई है। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उनके घर से इनवर्टर बैटरी, करीब 30 हजार रुपये नकद, एक गैस सिलेंडर और अन्य घरेलू सामान चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि नकदी हाल ही में खेत के बटाईदार से प्राप्त की गई थी, जिसकी जानकारी आरोपियों को पहले से थी।

धमेन्द्र सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि अगले दिन 18 अप्रैल को जब उन्होंने अपने सामान की तलाश की, तो राहुल के पास उनके घर की चादर और कुछ अन्य संदिग्ध सामान मिला। आसपास के लोगों ने भी कथित तौर पर तीनों आरोपियों को घटना की रात एक साथ देखा था।

पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने स्थानीय लोगों के सामने चोरी की बात कबूल करते हुए सामान लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई सामान वापस नहीं किया गया। उल्टा, पीड़ित का आरोप है कि अब आरोपी उन्हें मारने-पीटने और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी पड़ोस में अवैध शराब का कारोबार करते हैं और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। पीड़ित ने थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

error: Content is protected !!
Call Now Button