155 करोड़ के बजट को मिली मंजूरी, मंडियों में डिजिटल बोर्ड और रिटेल काउंटर खुलेंगे
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड की 41वीं बोर्ड बैठक में 155 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दे दी गई। बैठक की अध्यक्षता मंडी बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’ ने की। बैठक में मंडियों के विकास, कर्मचारियों के हित और उपभोक्ताओं को राहत देने से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए बैठक में निर्णय लिया गया कि आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्य कर रहे कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की जाएगी। इसके लिए वित्त नियंत्रक की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
इसके अलावा मंडी बोर्ड ने अपने विपणन क्षेत्र और अन्य कार्यों के विस्तार के लिए नए पदों के सृजन का प्रस्ताव भी पारित कर शासन को भेजने का फैसला किया है। साथ ही आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के संदर्भ में सैनिक कल्याण विभाग द्वारा लागू व्यवस्थाओं को भी अपनाया जाएगा डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’ ने बताया कि आगामी 20 दिनों के भीतर प्रदेश की सभी मंडियों में जिन उत्पादों पर मंडी शुल्क लिया जाता है, उनकी दरें डिजिटल बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित की जाएंगी। इससे उपभोक्ताओं को पारदर्शी और सस्ती दरों पर फल, सब्जी और अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रदेश की प्रमुख मंडियों में रिटेल काउंटर खोले जाएंगे, जहां उपभोक्ताओं को सीधे सस्ती दरों पर सामान मिलेगा। वर्तमान में मंडियों में संबंधित सामग्री बेचने वालों के लाइसेंस बनाए जा रहे हैं। बैठक में प्रबंध निदेशक हेमंत कुमार वर्मा, महाप्रबंधक (प्रशासन) निर्मला बिष्ट, महाप्रबंधक (वित्त) जुवेक मोहन सक्सेना, महाप्रबंधक (तकनीकी) विजय कुमार सहित शासन के प्रमुख सचिव वन, सचिव कृषि, सचिव वित्त, सचिव खाद्य, सचिव उद्यान, कृषि विपणन सलाहकार और भारत सरकार के कृषि विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।।

