ऊधम सिंह नगर

उधम सिंह नगर में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 2.80 करोड़ का गांजा बरामद

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रूद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशा मुक्त देवभूमि” संकल्प को मजबूती देते हुए अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जनपद उधमसिंहनगर में अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही करते हुए पुलिस ने करीब 2 करोड़ 80 लाख रुपये कीमत का 558.78 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई रुद्रपुर क्षेत्र में SOG और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस ने बागवाला फ्लाईओवर के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कैंटर (UP81 FT 5851) को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान सुतली रस्सियों के गट्ठरों के बीच छुपाकर रखे गए 18 प्लास्टिक कट्टों और 3 स्कूली बैगों से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।पुलिस ने मौके से तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान संजय गुप्ता, डीटू यादव और मोहित यादव के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन और ₹29,880 नकद भी बरामद किए गए हैं।
ओडिशा से लाई जा रही थी खेप प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह गांजा ओडिशा के सोनपुर क्षेत्र से लाकर रुद्रपुर में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है।

आपराधिक इतिहास भी सामने आया
मुख्य आरोपी संजय गुप्ता के खिलाफ पहले से ही NDPS एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं और उसकी करोड़ों की अवैध संपत्ति को सीज करने की कार्रवाई भी चल रही है।

जीरो टॉलरेंस की नीति
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई गई है और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस टीम को ₹7,500 के पुरस्कार की घोषणा भी की गई है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button