नारी शक्ति के अपमान का खामियाजा भुगतेगी कांग्रेसः कमल जिंदल
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रूद्रपुर । भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने महिला आरक्षण बिल के विरोध में मतदान करने वाले विपक्षी दलों पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि वे महिला सशक्तीकरण के धुर विरोधी हैं।
कमल जिंदल ने कहा यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस विधेयक के पक्ष में 298 वोट पड़े, उसे कांग्रेस, सपा और डीएमके जैसे दलों ने तकनीकी आधार पर गिरा दिया। भाजपा सरकार पूर्ण निष्ठा के साथ महिलाओं को नेतृत्व सौंपना चाहती थी, लेकिन विपक्ष ने एकजुट होकर इस राह में कांटे बिछा दिए। राहुल गांधी और उनके साथी किस मुंह से महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं, जब उन्होंने संसद में महिला अधिकारों के खिलाफ खड़े होकर वोट दिया?
उन्होंने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कांग्रेस ने अपने पैर पर खुद कुल्हाड़ी मारी है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने महिलाओं के सम्मान के लिए जो चक्रव्यूह रचा था, उसमें विपक्ष बुरी तरह फंस गया है। अब हम गांव-गांव और घर-घर जाकर जनता को बताएंगे कि मोदी जी आरक्षण देना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस ने इसे रोक दिया। यह कांग्रेस के राजनीतिक पतन की शुरुआत है। आने वाले समय में भाजपा पूरे जनपद और प्रदेश में इस विश्वासघात के खिलाफ जन-आंदोलन खड़ा करेगी। कांग्रेस ने जो काला टीका अपने माथे पर लगाया है, वह अब कभी नहीं धुलेगा।।

