ऊधम सिंह नगर

भारत भूषण चुघ ने नितिन नवीन से की शिष्टाचार भेंट, आगामी चुनावों को लेकर हुआ मंथन

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। भारत भूषण चुघ ने भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने नितिन नवीन को राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ ग्रहण करने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके नेतृत्व में संगठन के और अधिक सशक्त होने की कामना व्यक्त की।

भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच समसामयिक राजनीतिक मुद्दों, संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी चुनावी रणनीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। चुघ ने बताया कि हाल ही में बिहार में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें पार्टी के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष के विधानसभा क्षेत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में करीब एक माह तक लगातार जनसंपर्क, जनसभाओं और प्रचार अभियानों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस अनुभव ने उन्हें जमीनी स्तर पर संगठन को और मजबूत करने की प्रेरणा दी।

चुघ के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन के प्रति समर्पण और कार्यकर्ताओं की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में केंद्र के साथ-साथ उत्तराखंड में भी भाजपा की सरकार है, जिससे विकास कार्यों को गति मिली है। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटना होगा। उन्होंने संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।

नितिन नवीन ने कहा कि पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ होते हैं और उनकी मेहनत से ही पार्टी लगातार सफलता हासिल करती है।
अंत में भारत भूषण चुघ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस पर नितिन नवीन ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और सक्रियता की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि चुघ जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी आने वाले चुनावों में और भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।।

error: Content is protected !!
Call Now Button