उधम सिंह नगर में सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा: संस्थागत प्रसव के लिए जागरूकता अभियान तेज
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। सचिव स्वास्थ्य के निर्देशों के क्रम में जनपद उधम सिंह नगर में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले भर में स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा गांव-गांव जाकर गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
स्वास्थ्य कर्मी बैठकों और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। साथ ही उन्हें घर पर प्रसव (होम डिलीवरी) के संभावित खतरों से अवगत कराते हुए सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल जाने की सलाह दी जा रही है।
अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं को सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि वे इन सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें। इसके अलावा, ‘बर्थ प्लान’ के बारे में भी आमजन को जागरूक किया जा रहा है, जिसमें प्रसव से पहले की आवश्यक तैयारियां, अस्पताल तक पहुंचने की व्यवस्था और जरूरी सावधानियों पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि हर गर्भवती महिला का संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे जागरूकता अभियान में सहयोग करें और गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल में ही भर्ती कराएं, ताकि मां और बच्चे दोनों का जीवन सुरक्षित रह सके।।

