स्वाला में रात में पहुंचे जिलाधिकारी, सड़क निर्माण कार्य तेज करने के निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। स्वाला क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं सुधारीकरण कार्यों का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने देर रात स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि रात्रिकालीन यातायात प्रतिबंध का पूरा लाभ उठाते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय मानकों के अनुरूप होना चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से पहाड़ी हिस्से में बैंच कटिंग और निर्माण कार्य तथा डाउन साइड में सुरक्षा दीवार (सेफ्टी वॉल) के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से सड़क की मजबूती के साथ-साथ यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवश्यक संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए कार्यों को अप्रैल माह के अंत तक हर हाल में पूरा किया जाए।
उल्लेखनीय है कि स्वाला क्षेत्र में निर्माण कार्यों को सुरक्षित और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए 13 से 15 अप्रैल 2026 तक प्रतिदिन रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक यातायात पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है। इस दौरान केवल आपातकालीन सेवाओं, विशेषकर एम्बुलेंस, को ही आवाजाही की अनुमति है। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और संबंधित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।।

