चम्पावत में बन रहा ₹55.52 करोड़ का अत्याधुनिक साइंस सेंटर, CM ने किया निरीक्षण
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के दौरे के दौरान ₹55.52 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित वैज्ञानिक गैलरियों और चार मंजिला साइंस कैंपस की सुविधाओं का जायजा लिया। इस कैंपस में 40 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे यह केंद्र आवासीय वैज्ञानिक शिक्षा का भी प्रमुख केंद्र बनेगा।
यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने जानकारी दी कि दो मंजिला साइंस गैलरी ब्लॉक में “फन साइंस गैलरी”, प्रदर्शनी कक्ष, विज्ञान एवं कृषि गैलरी, प्रशिक्षण हॉल और अत्याधुनिक एस्ट्रोनॉमी गैलरी विकसित की जा रही है। इसके अलावा परिसर में 120 क्षमता वाला ऑडिटोरियम, 71 सीटों का आधुनिक प्लैनेटेरियम (इनर और आउटर डोम सहित) तथा कॉन्फ्रेंस व डेवलपमेंट हॉल जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं भी होंगी मुख्यमंत्री ने विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार विज्ञान मॉडलों का अवलोकन किया और नन्हे वैज्ञानिकों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि यह साइंस सेंटर प्रदेश में शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक विज्ञान और खगोल विज्ञान को समझने का अवसर मिलेगा। सरकार का उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
मुख्यमंत्री ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही पर्यावरणीय मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया इस दौरान कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।।

