रुद्रपुर पुलिस की तत्परता और मानवता से सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की बची जान
➡️ हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार हुआ गंभीर घायल
➡️ VIP ड्यूटी से लौट रही CPU टीम ने दिखाई संवेदनशीलता और जिम्मेदारी
➡️ तुरंत अस्पताल पहुंचाकर समय रहते दिलाई मदद, टली बड़ी अनहोनी
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
उधम सिंह नगर जिले में रुद्रपुर पुलिस की तत्परता और मानवता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है, जहां सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की समय रहते मदद कर उसकी जान बचा ली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीपीयू टीम—उपनिरीक्षक गोधन सिंह, हेड कांस्टेबल मनीष पंत और कांस्टेबल पूरन सिंह बिष्ट—खटीमा क्षेत्र में संपन्न VIP ड्यूटी के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सितारगंज के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर उन्हें एक व्यक्ति सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर रुककर स्थिति का जायजा लिया। घायल व्यक्ति की हालत नाजुक थी और वह दर्द से कराह रहा था। प्राथमिक पूछताछ में उसकी पहचान दुखरन उर्फ ओमप्रकाश, निवासी ग्राम गोठा, थाना सितारगंज के रूप में हुई। बताया गया कि वह सिसईखेड़ा क्षेत्र की ओर साइकिल से जा रहा था, तभी किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया घटना के बाद वहां कोई तत्काल मदद उपलब्ध नहीं थी, जिससे घायल की स्थिति और बिगड़ सकती थी। ऐसे में सीपीयू टीम ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए तुरंत घायल को अपने जंबो वाहन में बैठाया और बिना देर किए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सितारगंज पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार, यदि उसे समय पर अस्पताल नहीं लाया जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के चलते एक बड़ी अनहोनी टल गई और घायल की जान बचाई जा सकी यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में बल्कि आपात स्थिति में आमजन की मदद के लिए भी सदैव तत्पर रहती है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस टीम की इस सराहनीय कार्यशैली की प्रशंसा की है।
अपील:
उधम सिंह नगर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें, गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का सम्मान करें। साथ ही, यदि कहीं कोई दुर्घटना होती है तो तुरंत पुलिस या आपातकालीन सेवाओं को सूचना दें, ताकि समय रहते सहायता पहुंचाई जा सके और किसी की जान बचाई जा सके।।

