ऊधम सिंह नगर

नमाजी से मारपीट मामला: जिला अदालत से भी नहीं मिली राहत, आरोपी अरविंद शर्मा की जमानत याचिका खारिज

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रूद्रपुर। रुद्रपुर में नमाज अदा कर रहे व्यक्ति के साथ कथित मारपीट के चर्चित मामले में मुख्य आरोपी अरविंद शर्मा को एक बार फिर अदालत से झटका लगा है। जेल में बंद आरोपी की जमानत याचिका को प्रभारी जिला एवं सत्र न्यायाधीश आशुतोष कुमार मिश्रा की अदालत ने खारिज कर दिया। अदालत के इस फैसले के बाद आरोपी को फिलहाल जेल में ही रहना होगा।यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था, जब एक व्यक्ति नमाज अदा कर रहा था और उसी दौरान उसके साथ कथित रूप से मारपीट की घटना सामने आई। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी, जिसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गए थे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अरविंद शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। इसके बाद से ही आरोपी की ओर से लगातार जमानत के प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन अब तक उसे राहत नहीं मिल सकी है।

जिला न्यायालय में हुई सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि यह मामला केवल एक साधारण मारपीट का नहीं, बल्कि सामाजिक और सांप्रदायिक संवेदनशीलता से जुड़ा हुआ है। अभियोजन ने तर्क दिया कि यदि आरोपी को जमानत दी जाती है, तो इससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और समाज में गलत संदेश जाएगा वहीं, बचाव पक्ष ने आरोपी को निर्दोष बताते हुए जमानत देने की मांग की और कहा कि उसे झूठा फंसाया गया है। हालांकि, अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद मामले की गंभीरता, सामाजिक प्रभाव और कानून-व्यवस्था की स्थिति को ध्यान में रखते हुए जमानत याचिका को खारिज कर दिया।

इस फैसले के बाद साफ हो गया है कि फिलहाल आरोपी को राहत मिलने की संभावना कम है। मामले की अगली सुनवाई अब नियमित प्रक्रिया के तहत होगी, जिसमें पुलिस द्वारा दाखिल चार्जशीट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी प्रशासन की ओर से भी स्पष्ट किया गया है कि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अफवाह या तनाव फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।।

error: Content is protected !!
Call Now Button