Monday, September 14, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर में त्रिशूल चौक के पास जिला अस्पताल निर्माण की मांग, विधायक शिव अरोरा ने मुख्यमंत्री को सौंपा पत्र

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। विधायक शिव अरोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र सौंपकर रुद्रपुर में जिला अस्पताल का निर्माण उसके पुराने स्थान त्रिशूल चौक (पुराना इंद्रा चौक) के समीप कराए जाने की मांग की है।
विधायक ने बताया कि रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और जल्द ही यहां एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। ऐसे में जो जिला अस्पताल फिलहाल मेडिकल कॉलेज परिसर में संचालित हो रहा था, वह मेडिकल कॉलेज में विलय हो गया है। इस स्थिति को देखते हुए जिला मुख्यालय रुद्रपुर में नए जिला अस्पताल का निर्माण कराया जाना आवश्यक हो गया है।उन्होंने बताया कि त्रिशूल चौक के पास करीब 13 एकड़ भूमि उपलब्ध है, जहां पहले जिला अस्पताल संचालित होता था। यह क्षेत्र शहर के मध्य में स्थित होने के कारण आम लोगों के लिए यहां पहुंचना आसान होगा। साथ ही आसपास के रम्पुरा, भदईपुरा, रेशमबाड़ी, प्रीत विहार, खेड़ा और दूधियानगर जैसे क्षेत्रों में रहने वाले हजारों परिवारों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

विधायक शिव अरोरा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जिला अस्पताल निर्माण से संबंधित लगभग 135 करोड़ रुपये की डीपीआर जिला प्रशासन द्वारा शासन को भेजी जा चुकी है। उन्होंने जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया, ताकि अस्पताल निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।

विधायक ने कहा कि जिला अस्पताल यदि अपने पुराने स्थान पर संचालित होता है तो इससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। छोटी बीमारियों के इलाज के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज नहीं जाना पड़ेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के विकास के अपने विजन के तहत इस जनहित के मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही जिला अस्पताल निर्माण को मंजूरी देंगे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button