पंतनगर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का स्वागत, किच्छा की विकास योजनाओं के लिए पूर्व विधायक ने जताया आभार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
पंतनगर। पुष्कर सिंह धामी के पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचने पर किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक ने किच्छा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित विकास योजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति दिए जाने पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद पत्र सौंपकर आभार व्यक्त किया।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने बताया कि 13 अक्टूबर को किच्छा में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई थीं, जिन पर अब वित्तीय स्वीकृति मिलना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि किच्छा-नगला मार्ग से अटरिया रोड होते हुए रुद्रपुर तक 8.5 किलोमीटर शेष भाग के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को 22 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं किच्छा-रुद्रपुर एनएच-74 से मलसा-कुरैया मार्ग के निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा गोविन्द बल्लभ पन्त यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलोजी के अंबेडकर पार्क में की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने और पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए कुमायूं मंडल विकास निगम को 45.88 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। साथ ही किच्छा के पुराने टैक्सी स्टैंड पर भारत-पाकिस्तान विभाजन विभीषिका के सेनानियों की स्मृति में स्मारक निर्माण के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग को 51.51 लाख रुपये तथा बंडीया नमक फैक्ट्री पुल निर्माण के प्रथम चरण के लिए लोक निर्माण विभाग को 8.58 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से किच्छा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और यह परियोजनाएं क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का किच्छा क्षेत्र से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में क्षेत्र लगातार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि इन महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए किच्छा क्षेत्र की जनता मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त करती है।।

