पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध : केएस चौहान
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक केएस चौहान ने कहा कि मीडिया कर्मियों की हर समस्या के समाधान के लिए सरकार और विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि पत्रकारों की मान्यता नवीनीकरण से जुड़ी समस्याओं को विभाग ने गंभीरता से लिया है और उनका समाधान किया जा रहा है।
गुरुवार को हल्द्वानी मीडिया सेंटर में मीडिया कर्मियों के साथ आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि मृतक आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता देने से संबंधित सभी मामलों का विभाग द्वारा समाधान किया जा चुका है। यदि किसी पत्रकार को पत्रकार कल्याण कोष से सहायता नहीं मिल पाती है तो उसे मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से नियमानुसार प्रस्ताव भेजना होगा।
उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के पत्रकारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं और उनके कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ अधिकारियों को पत्रकारों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को जानने और उनका समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में पत्रकारों ने चिकित्सा सुविधा, पत्रकार मान्यता, मान्यता प्राप्त पत्रकारों को ऋण योजना, राज्य अतिथि गृहों में तत्काल आरक्षण व्यवस्था, पत्रकारों के बच्चों को उच्च शिक्षा में आरक्षण, रेलवे में पूर्व की तरह आरक्षण सुविधा पुनः शुरू करने तथा टोल प्लाजाओं में छूट देने सहित कई मुद्दे उठाए। साथ ही जिला पत्रकार स्थायी समिति में जिले के प्रत्येक क्षेत्र से मान्यता प्राप्त पत्रकारों को सदस्य के रूप में शामिल करने की मांग भी रखी गई।
संयुक्त निदेशक चौहान ने सूचना विभाग स्तर की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने तथा अन्य विभागों से संबंधित मुद्दों के निस्तारण के लिए पत्राचार करने का आश्वासन दिया।
बैठक का संचालन जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी ने किया। इस अवसर पर सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित हल्द्वानी, रामनगर और लालकुआं के पत्रकार तथा सूचना विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।।

