अजय गणपति के निर्देशन में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई, काशीपुर पुलिस का अभियान तेज
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
काशीपुर। जनता की शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए उधम सिंह नगर पुलिस ने काशीपुर में नशेड़ियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में की गई, जिसके तहत 6 नशा करने वालों को पकड़कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
जन सम्मेलन में उठी थी शिकायत
दिनांक 19 फरवरी 2026 को आयोजित जन सम्मेलन के दौरान स्थानीय नागरिकों ने शिकायत की थी कि प्रिया मॉल से लेकर सीमा/चीमा चौराहे तक का क्षेत्र नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है। आमजन, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के लिए वहां से गुजरना असहज हो गया था शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस की सख्त कार्रवाई
दिनांक 21 फरवरी 2026 को चौकी कटोराताल, काशीपुर पुलिस ने चीमा चौराहे से प्रिया मॉल तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 6 नशा करने वालों को हिरासत में लेकर चौकी लाया गया।
पुलिस ने सभी व्यक्तियों की काउंसलिंग की तथा 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा इस प्रकार की हरकत पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि शहर में कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।।

