जसपुर में तहसील दिवस: 52 शिकायतें दर्ज, 26 का मौके पर निस्तारण
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
जसपुर। तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों के त्वरित और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश पंकज उपाध्याय (अपर जिलाधिकारी) ने अधिकारियों को दिए। मंगलवार को मंडी परिसर में आयोजित तहसील दिवस में उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान सरकार की प्राथमिकता है। पंजीकृत शिकायतों को निर्धारित समय-सीमा में निस्तारित करने तथा उन्हें जन समर्पण पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि समस्याओं का समाधान उसी स्तर पर सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को भी प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
52 शिकायतें दर्ज, 26 का मौके पर समाधान
मंडी परिसर में आयोजित तहसील दिवस में राशन कार्ड, अतिक्रमण, पेयजल, सड़क निर्माण व मरम्मत, नलकूप, प्रमाण पत्र आदि से संबंधित कुल 52 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से लगभग 26 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
प्रमुख मामलों पर निर्देश
ग्राम पुरनपुर निवासी ने अपने बैंक खाते का पाँच वर्ष का रिकॉर्ड उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर तहसीलदार को बैंक से समन्वय कर समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
ग्राम अंगदपुर निवासी वीरेन्द्र कुमार ने खतौनी से अन्य नाम निरस्त करने की मांग की, जिस पर जांच के निर्देश दिए गए।
मोहल्ला नत्था सिंह निवासी शहजाद हुसैन ने वर्ष 2002 की वोटर लिस्ट की प्रति मांगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
खेड़ा लक्ष्मीपुर निवासी दिनेश सिंह ने तालाब से सिंचाई हेतु बंद नाले को खुलवाने की मांग की। अधिशासी अभियंता सिंचाई को निरीक्षण कर समाधान करने को कहा गया।
ग्राम मेघावाला निवासी राजेन्द्र सिंह ने सार्वजनिक स्थान पर कचरा डाले जाने की शिकायत की, जिस पर खंड विकास अधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश मिले।
नगर पंचायत महुआडाबरा व मोहल्ला नत्था सिंह के निवासियों ने भूमि पैमाइश की मांग की, जिस पर तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए गए।
ग्राम भोगपुर डाम तीरथ नगर निवासी गुरनाम सिंह ने जंगली जानवरों से सुरक्षा हेतु सोलर लाइट लगाने की मांग की।
मोहल्ला भूपसिंह निवासी अमित कुमार ने तालाब भूमि से अतिक्रमण हटाने व सौंदर्यीकरण कराने का अनुरोध किया। उप जिलाधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर एक माह में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।
राशन कार्ड व पेयजल संबंधी शिकायतें
मोहल्ला जुलहान की शायरा बानो और मोहल्ला गुजरातियान की फूलजहां ने राशन कार्ड संबंधी आवेदन दिया। जिला पूर्ति अधिकारी को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम प्रधान भगवंतपुर रेशमा परवीन ने पानी की पाइपलाइन दुरुस्त कराने, सड़क मरम्मत एवं जल जीवन मिशन के कार्यों की जांच की मांग की।
सभासद गोविंद कुमार ने पेयजल पाइपलाइन बिछाने की मांग की।
ग्राम भोगपुर डाम निवासियों ने परिवार रजिस्टर बनवाने का अनुरोध किया।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी राहुल शाह, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।।

