Tuesday, September 15, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर जनपद में भव्य आयोजन

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर ऊधम सिंह नगर जनपद में एक प्रेरणादायी एवं भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने राजकीय इंटर कॉलेज, बागवाला की छात्रा अनन्या कुमारी को एक दिन के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी का दायित्व सौंपा तथा उन्हें विधिवत पदभार ग्रहण कराया। इस अवसर पर जनपद की 40 मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा, खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। इनमें से तीन छात्राएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

कार्यक्रम के दौरान विशाखा दिवाकर ने अपनी संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि माता-पिता के असामयिक निधन के बावजूद उन्होंने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए सफलता प्राप्त की और वर्तमान में वे वन दरोगा के पद पर चयनित हुई हैं। अपनी प्रेरक कहानी सुनाते समय वे भावुक हो गईं।

जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन ने बालिकाओं के अधिकारों, संरक्षण तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आज की बालिकाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। उन्होंने बताया कि पीसीपीएनडीटी अधिनियम के अंतर्गत लिंग परीक्षण जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सरकार द्वारा एक योजना संचालित की जा रही है, जिसके तहत सूचना देने वाले को 50,000 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी के.एस. कुंवर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बालिकाओं ने नए आयाम स्थापित किए हैं तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती बिंदु वासिनी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी नंदिनी तोमर, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, रावि प्रजापति, भैरवदत्त पांडे, हिमांशु मुश्योंनी, निधि शर्मा, प्रदीप मेहर सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button