ऊधम सिंह नगर

जिलाधिकारी की पहल से 25 वर्षों पुराने भूमि विवाद का शांतिपूर्ण समाधान

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में फुलेरा गाँव में लगभग 25 वर्षों से चले आ रहे भूमि विवाद का समाधान किया गया।

विवाद कुल 205 नाली भूमि के बंटवारे को लेकर चचेरे भाइयों श्री हरिजात फुलारा और श्री हरिदत्त फुलारा व अन्य के बीच उत्पन्न हुआ था।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दोनों पक्षों से संवाद कर उन्हें समझाया कि भूमि विवाद के चलते मतभेद हो सकते हैं, परंतु आने वाली पीढ़ी और बच्चों के मन में एक-दूसरे के प्रति विपरीत दृष्टिकोण पैदा न हो, जिससे वे अपनों से दूर न हो जाएँ। इस संवेदनशील पहल के बाद दोनों पक्षों ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठकर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान करने पर सहमति व्यक्त की।

सहमति के अनुसार एक पक्ष दूसरे पक्ष को मकान निर्माण हेतु 2 नाली भूमि देगा, जबकि इसके एवज में 6 खेत प्रदान किए जाएंगे।

बैठक में दोनों पक्षों के प्रतिनिधि श्री हरिदत्त फुलारा, श्री पूरन फुलारा, श्री लक्ष्मी दत्त, श्री भुवन दत्त, श्री दीपक फुलारा सहित अन्य उपस्थित थे। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी श्री अनुराग आर्या, तहसीलदार श्री बृजमोहन आर्या और पटवारी श्री चन्द्रशेखर पंत भी उपस्थित रहे और समाधान प्रक्रिया को सुनिश्चित किया।

दोनों पक्षों ने जिलाधिकारी की संवेदनशीलता और निष्पक्ष निर्णय की सराहना करते हुए लंबे समय से चले आ रहे विवाद को निपटाने हेतु धन्यवाद व्यक्त किया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि आपसी सहमति एवं संवाद के माध्यम से विवादों का समाधान समाज में सौहार्द और विश्वास की भावना को मजबूत करता है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button