रूद्रपुर में स्थापित होगी अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल मूर्ति – अटल जी की जयंती पर आयोजित प्रदर्शनी में महापौर ने की घोषणा – प्रदर्शनी में वरिष्ठ नेताओं को किया गया सम्मानित
रूद्रपुर में स्थापित होगी अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल मूर्ति
-अटल जी की जयंती पर आयोजित प्रदर्शनी में महापौर ने की घोषणा
-प्रदर्शनी में वरिष्ठ नेताओं को किया गया सम्मानित
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रूद्रपुर। भारत रत्न भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर नगर निगम परिसर में उनकी जीवन यात्रा और उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने वरिष्ठ भाजपा नेताओं को सम्मानित किया और पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। महापौर ने आवास विकास स्थित पार्क में अटल जी की विशाल मूर्ति लगाने और उनके नाम से एक मार्ग का नामकरण करने की घोषणा भी की।
प्रदर्शनी का उद्घाटन महापौर विकास शर्मा ने फीता काटकर किया। इस दौरान अटल जी के जीवन, उनके सार्वजनिक योगदान, संसद में उनके भाषणों और सामाजिक विकास कार्यों से जुड़े चित्र और जानकारी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेताओं राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, वरिष्ठ नेता वेद ठुकराल, राम प्रकाश गुप्ता, सत्यप्रकाश चौहान आदि को फूल माला और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया किया गया।
महापौर विकास शर्मा ने अपने संबोधन में कहा अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक महान राजनेता ही नहीं बल्कि करोड़ों भारतीयों के प्रेरणास्रोत भी हैं। उन्होंने राजनीति को नैतिकता, करुणा और दूरदर्शिता के आधार पर आगे बढ़ाया। उनकी विचारधारा और नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी। महापौर ने कहा हमने निर्णय लिया है कि आवास विकास के पार्क में अटल जी की विशाल मूर्ति स्थापित की जाएगी और उनके नाम पर एक मार्ग का नामकरण किया जाएगा। यह नगरवासियों के लिए उनके योगदान को याद रखने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का एक प्रतीक होगा।
महापौर ने अंत में कहा अटल जी के आदर्शों को जीवन में उतारना हम सबका कर्तव्य है। उनकी याद में आयोजित यह प्रदर्शनी और मूर्ति स्थापना शहरवासियों को हमेशा प्रेरित करेगी। हम चाहते हैं कि हर नागरिक उनकी नीति और आदर्शों से परिचित हो और आने वाली पीढ़ियों को भी उनका संदेश मिलता रहे।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा अटल जी की विचारधारा हमें हमेशा सही दिशा में नेतृत्व करने की प्रेरणा देती है। उनकी जयंती पर हम उन्हें नमन करते हैं और उनकी नीति तथा दृष्टि को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं। राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने कहा कि अटल जी का जीवन भारतवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी दूरदर्शिता और नेतृत्व कौशल ने देश को वैश्विक मंच पर मजबूती दी। हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज और देश के लिए कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता वेद ठुकराल, सत्यप्रकाश चौहान, मोहन तिवारी, नवीन पांडे, संजीव शर्मा, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल, मुकेश पाल, पार्षद प्रमोद शर्मा, जोनी भाटिया, गिरीश पाल, रजनी रावत, अर्चना राय, रेनू जुनेजा, मंडल महामंत्री जितेंद्र संधू, अमन विर्क, गोविंद शर्मा, आकाश रस्तोगी, मदन शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।

