Sunday, November 29, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

बरेली: युवती को सुरक्षित बाहर निकालने में बदायूं पुलिस का सहयोग, बारादरी थाने में दुष्कर्म समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज साक्षी अजितेश न्याय शक्ति ट्रस्ट की पहल पर पुलिस से किया गया संपर्क, युवती की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर; मामले की जांच में जुटी पुलिस

बरेली: युवती को सुरक्षित बाहर निकालने में बदायूं पुलिस का सहयोग, बारादरी थाने में दुष्कर्म समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
साक्षी अजितेश न्याय शक्ति ट्रस्ट की पहल पर पुलिस से किया गया संपर्क, युवती की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर; मामले की जांच में जुटी पुलिस

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

बरेली। एक युवती के साथ लंबे समय से कथित शारीरिक एवं यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। साक्षी अजितेश न्याय शक्ति ट्रस्ट की अध्यक्ष साक्षी मिश्रा के अनुसार, युवती ने ट्रस्ट से संपर्क कर मदद की गुहार लगाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रस्ट ने संबंधित पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया।
ट्रस्ट की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, जनपद बदायूं पुलिस के सहयोग और समन्वय से युवती को उसके घर से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे सुरक्षित बरेली लाया गया, जहां युवती ने अपने साथ हुई कथित घटनाओं के संबंध में थाना बारादरी में शिकायत दर्ज कराई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, युवती की शिकायत पर थाना बारादरी, जनपद बरेली में एफआईआर संख्या 1467/2026, दिनांक 27 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 64(2)(f), 115(2), 352 एवं 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

स्थानीय मीडिया में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, युवती ने अपने भाई पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बदनामी के डर से परिवार ने युवती को घर में नजरबंद कर रखा था। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

ट्रस्ट ने की निजता बनाए रखने की अपील
ट्रस्ट ने मीडिया और आम नागरिकों से अपील की है कि पीड़िता की पहचान, तस्वीर, पता अथवा अन्य निजी जानकारी सार्वजनिक न करें। ट्रस्ट का कहना है कि पीड़िता की गरिमा, सुरक्षा और निजता का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है।

error: Content is protected !!
Call Now Button