Saturday, November 28, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

नंदा गौरा योजना की आवेदन तिथि बढ़वाने के लिए महापौर विकास शर्मा ने की पैरवी, एक माह की समयसीमा बढ़ने की उम्मीद लेखपालों के कार्य बहिष्कार से प्रमाण-पत्र बनवाने में आ रही दिक्कतों का उठाया मुद्दा, जिलाधिकारी ने शासन से किया अनुरोध

नंदा गौरा योजना की आवेदन तिथि बढ़वाने के लिए महापौर विकास शर्मा ने की पैरवी, एक माह की समयसीमा बढ़ने की उम्मीद
लेखपालों के कार्य बहिष्कार से प्रमाण-पत्र बनवाने में आ रही दिक्कतों का उठाया मुद्दा, जिलाधिकारी ने शासन से किया अनुरोध

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। नंदा गौरा योजना के तहत आवेदन करने वाली पात्र बालिकाओं को राहत दिलाने के लिए महापौर विकास शर्मा ने पहल की है। लेखपालों के कार्य बहिष्कार के चलते आवश्यक प्रमाण-पत्र और राजस्व अभिलेख नहीं बन पाने से परेशान बालिकाओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़वाने के लिए प्रशासन और शासन स्तर पर पैरवी की है।

महापौर विकास शर्मा ने इस संबंध में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया से वार्ता कर बालिकाओं को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन से नंदा गौरा योजना की आवेदन अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया है। वहीं, महापौर ने भी शासन स्तर पर अधिकारियों से वार्ता कर समयसीमा बढ़ाने की मांग रखी है।

महापौर ने कहा कि लेखपालों के कार्य बहिष्कार के कारण आम जनता को आय, जाति, निवास सहित आवश्यक प्रमाण-पत्र और राजस्व संबंधी अभिलेख प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसका सीधा असर नंदा गौरा योजना के लिए आवेदन करने वाली पात्र बालिकाओं पर पड़ रहा है। कई बालिकाएं दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण निर्धारित समयसीमा में आवेदन पूरा नहीं कर पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि यदि आवेदन की अंतिम तिथि नहीं बढ़ाई गई तो अनेक पात्र बेटियां केवल प्रशासनिक व्यवधान के चलते सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित रह सकती हैं। ऐसा किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नंदा गौरा योजना प्रदेश सरकार की बेटियों की शिक्षा, आर्थिक सुरक्षा और सशक्तीकरण से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र बालिका को इसका लाभ मिले इसलिए जरूरी है कि दस्तावेजी प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को देखते हुए आवेदन के लिए अतिरिक्त समय दिया जाए।।

error: Content is protected !!
Call Now Button