Thursday, November 26, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

मुख्यमंत्री के गृह जनपद में स्वास्थ्य विभाग प्रभारी सीएमओ के भरोसे, तीन महीने बाद भी स्थायी नियुक्ति का इंतजार उधम सिंह नगर में 21 अगस्त से प्रभारी व्यवस्था के तहत चल रहा सीएमओ कार्यालय; नियमित तैनाती को लेकर शासन की चुप्पी पर सवाल, आखिर मुख्यमंत्री के अपने गृह जनपद में स्वास्थ्य विभाग को स्थायी मुखिया कब मिलेगा?

मुख्यमंत्री के गृह जनपद में स्वास्थ्य विभाग प्रभारी सीएमओ के भरोसे, तीन महीने बाद भी स्थायी नियुक्ति का इंतजार
उधम सिंह नगर में 21 अगस्त से प्रभारी व्यवस्था के तहत चल रहा सीएमओ कार्यालय; नियमित तैनाती को लेकर शासन की चुप्पी पर सवाल, आखिर मुख्यमंत्री के अपने गृह जनपद में स्वास्थ्य विभाग को स्थायी मुखिया कब मिलेगा?

सौरभ गंगवार/टुडे हिन्दुस्तान 

रुद्रपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह जनपद उधम सिंह नगर में स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) पद पर नियमित नियुक्ति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। जिले में डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी को 21 अगस्त 2026 को प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी का दायित्व सौंपे जाने के बाद तीन महीने से अधिक का समय बीत चुका है। इसके बावजूद स्थायी नियुक्ति को लेकर शासन स्तर से कोई नया आदेश सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जिले के इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक पद पर नियमित तैनाती का निर्णय अब तक क्यों नहीं लिया गया?

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को जारी शासन के कार्यालय आदेश के तहत डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी को ऊधम सिंह नगर के प्रभारी सीएमओ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बताया गया था कि तत्कालीन सीएमओ की पदोन्नति एवं नई पदस्थापना के बाद यह पद रिक्त हुआ था। इसके बाद प्रभारी व्यवस्था के तहत जिले के स्वास्थ्य विभाग का संचालन किया जा रहा है।
यहां गौर करने वाली बात यह है कि उधम सिंह नगर प्रदेश का महत्वपूर्ण जिला होने के साथ-साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गृह जनपद भी है। ऐसे में जिले के स्वास्थ्य विभाग के शीर्ष प्रशासनिक पद पर नियमित नियुक्ति को लेकर देरी चर्चा का विषय बन रही है। मुख्यमंत्री के गृह जनपद में जब एक महत्वपूर्ण विभाग के मुखिया की नियुक्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, तो शासन की प्राथमिकताओं को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।तीन महीने से अधिक समय, फिर भी नियमित नियुक्ति पर स्थिति स्पष्ट नहीं
मुख्य चिकित्सा अधिकारी का पद जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण है। जिले के सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की निगरानी, स्वास्थ्य योजनाओं का क्रियान्वयन, चिकित्सकीय सेवाओं का समन्वय और विभागीय प्रशासन से जुड़े कई अहम दायित्व सीएमओ कार्यालय के अंतर्गत आते हैं। ऐसे में इस पद पर नियमित नियुक्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट होना जरूरी है। प्रभारी अधिकारी के माध्यम से कामकाज संचालित होना अलग बात है, लेकिन लंबे समय तक नियमित नियुक्ति का निर्णय सामने नहीं आना शासन की प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करता है। क्या शासन स्तर पर स्थायी नियुक्ति को लेकर कोई प्रक्रिया लंबित है? क्या विभाग में नियमित तैनाती को लेकर कोई प्रस्ताव विचाराधीन है? यदि ऐसा है तो अब तक निर्णय क्यों नहीं लिया गया? इन सवालों पर स्वास्थ्य विभाग और शासन की ओर से स्थिति स्पष्ट किया जाना जरूरी है।

मुख्यमंत्री के गृह जनपद में ही क्यों लंबित है महत्वपूर्ण नियुक्ति?
प्रदेश सरकार लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और आम जनता को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की बात करती रही है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के जिला स्तरीय प्रमुख पद पर नियमित नियुक्ति का विषय भी महत्वपूर्ण हो जाता है।
उधम सिंह नगर की बढ़ती आबादी, औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की जरूरतों को देखते हुए जिले में मजबूत प्रशासनिक नेतृत्व की आवश्यकता है। सीएमओ का कार्यालय इन व्यवस्थाओं के संचालन में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में सवाल यह भी है कि जब जिले का स्वास्थ्य विभाग इतने व्यापक दायित्वों का निर्वहन कर रहा है, तो उसके शीर्ष पद पर नियमित नियुक्ति को लेकर निर्णय में देरी क्यों हो रही है? क्या शासन के स्तर पर इस मामले की समीक्षा की गई है? क्या स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारी इस स्थिति से अवगत हैं?

शासन और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से जवाब की दरकार
स्थायी सीएमओ की नियुक्ति केवल प्रशासनिक औपचारिकता नहीं है, बल्कि जिले के स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारियों और जवाबदेही से जुड़ा विषय है। इसलिए शासन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि नियमित नियुक्ति कब तक की जाएगी और वर्तमान में इस संबंध में क्या प्रक्रिया चल रही है। मुख्यमंत्री के गृह जनपद में स्वास्थ्य विभाग के महत्वपूर्ण पद को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होना निश्चित तौर पर ध्यान देने योग्य विषय है। अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारी और शासन इस मामले में कब तक निर्णय लेते हैं।

महानिदेशक से पक्ष लेने का प्रयास, फोन नहीं उठा
इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक, देहरादून से संपर्क कर जिले में स्थायी सीएमओ की नियुक्ति नहीं होने के कारणों और शासन स्तर पर चल रही प्रक्रिया के संबंध में आधिकारिक पक्ष जानने का प्रयास किया गया फोन के माध्यम से कई बार संपर्क करने के बावजूद महानिदेशक ने फोन रिसीव नहीं किया उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मुख्यमंत्री के अपने गृह जनपद उधम सिंह नगर को स्थायी सीएमओ कब मिलेगा? तीन महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी नियमित नियुक्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होना शासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए जवाबदेही का विषय है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button