Saturday, November 28, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

चम्पावत में विकास कार्यों को लेकर एक्शन मोड में जिलाधिकारी मनीष कुमार, कूड़ा निस्तारण से लेकर सिटी सेंटर निर्माण का लिया जायजा पुराने कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश, 62.33 करोड़ की लागत से बन रहा बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स

चम्पावत में विकास कार्यों को लेकर एक्शन मोड में जिलाधिकारी मनीष कुमार, कूड़ा निस्तारण से लेकर सिटी सेंटर निर्माण का लिया जायजा

पुराने कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश, 62.33 करोड़ की लागत से बन रहा बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार जनपद में विकास कार्यों और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने ललुआपानी रोड स्थित नगर पालिका के कूड़ा निस्तारण स्थल का निरीक्षण कर पुराने कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रगति परखी। वहीं, देर रात रोडवेज स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी सिटी सेंटर परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

ललुआपानी रोड स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुराने जमा कूड़े (लिगेसी वेस्ट) के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों तथा पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए शेष कूड़े की मात्रा का आकलन कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने, पर्याप्त मशीनें और कार्मिक उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को अधिकृत एजेंसियों तक पहुंचाने और शेष कचरे का नियमानुसार निस्तारण करने को कहा। साथ ही पुराने कूड़े के ढेर में नया कचरा डालने पर रोक, कचरा जलाने की घटनाओं को रोकने और दूषित पानी को आसपास के क्षेत्रों एवं जलस्रोतों तक पहुंचने से रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को नियमित निगरानी के साथ कूड़े की छंटाई, उठान और निस्तारण का पूरा रिकॉर्ड रखने को भी कहा।

62.33 करोड़ से विकसित हो रहा सिटी सेंटर

इसके बाद जिलाधिकारी ने रोडवेज स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन सिटी सेंटर का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ विजन के अनुरूप विकसित की जा रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए शासन ने 62.33 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

परियोजना के तहत एक ही परिसर में बहुमंजिला पार्किंग, रोडवेज बस स्टेशन और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं। बेसमेंट में लगभग 100 वाहनों की पार्किंग तथा भूतल पर एक साथ 15 बसों के खड़े होने की व्यवस्था प्रस्तावित है। इसके अलावा रोडवेज कार्यालय, दुकानें और खानपान की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

सिटी सेंटर के निर्माण से नगर में पार्किंग की समस्या कम होने, सड़क किनारे वाहनों के दबाव से राहत मिलने और रोडवेज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। वहीं, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के माध्यम से स्थानीय व्यापारियों को भी कारोबार के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।

दोनों स्थलों का निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।।

error: Content is protected !!
Call Now Button