राज्यपाल संतोष गंगवार ने राम सुमेर शुक्ल की 112वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि, नौ विभूतियां सम्मानित रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में आयोजित स्मृति समारोह में हुए शामिल, महापौर विकास शर्मा को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सम्मान
राज्यपाल संतोष गंगवार ने राम सुमेर शुक्ल की 112वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि, नौ विभूतियां सम्मानित
रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में आयोजित स्मृति समारोह में हुए शामिल, महापौर विकास शर्मा को स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सम्मान
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। तराई के संस्थापक एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ल की 112वीं जयंती पर रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में भव्य स्मृति समारोह आयोजित किया गया। समारोह में झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने पंडित राम सुमेर शुक्ल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को नमन किया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नौ विभूतियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इनमें स्वच्छता के क्षेत्र में रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा, शिक्षा के क्षेत्र में पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एसके कश्यप, विधि के क्षेत्र में अपर महाधिवक्ता सुनील खेड़ा, चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. रणजीत सिंह गिल, व्यवसाय के क्षेत्र में घनश्याम श्यामपुरिया, गौसेवा के क्षेत्र में विराट आर्य, खेल के क्षेत्र में सविता मंडल, सामाजिक सेवा के क्षेत्र में अमित श्रीवास्तव तथा पशुपालन एवं मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में किरन सिंह को सम्मानित किया गया।
तराई के विकास में पंडित राम सुमेर शुक्ल का योगदान अविस्मरणीय: राज्यपाल
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि तराई को बसाने और व्यवस्थित करने में स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके जीवन का प्रत्येक पहलू त्याग, बलिदान और जनसेवा की भावना से प्रेरित रहा। उन्होंने दूरदर्शी सोच के साथ क्षेत्र के व्यवस्थित विकास और समाजसेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया।।

