Thursday, October 15, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

काशीपुर-रामनगर मार्ग को गड्ढामुक्त बनाने में जुटा लोक निर्माण विभाग, डीएम ने किया निरीक्षण सड़क सुधार को लेकर विभागीय प्रयास तेज, गुणवत्ता के साथ समयबद्ध कार्य पूरा करने पर जोर

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान काशीपुर। काशीपुर-रामनगर मार्ग को बेहतर और सुगम बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग सक्रियता से जुटा है। सड़क की स्थिति में सुधार और गड्ढामुक्त अभियान को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार को मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में किए गए निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत तेजी से कराई जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।सड़क सुधार को लेकर लोक निर्माण विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है। विभाग द्वारा सड़क की स्थिति बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बीच जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा में सड़क को गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने सड़क मरम्मत कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

लोक निर्माण विभाग के लिए सड़क सुधार और आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना प्रमुख जिम्मेदारी है। ऐसे में विभागीय स्तर पर प्रभावी समन्वय और निर्धारित समयसीमा में मरम्मत कार्य पूरा होने से काशीपुर-रामनगर मार्ग पर सफर करने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button