Thursday, October 15, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

जल संस्थान के कार्यक्षेत्र में हस्तक्षेप से कर्मचारियों में आक्रोश, राजकीयकरण की मांग उठाई

जल संस्थान के कार्यक्षेत्र में हस्तक्षेप से कर्मचारियों में आक्रोश, राजकीयकरण की मांग उठाई

पूरन जोशी कुमाऊं मंडल अध्यक्ष, मनोज सक्सेना बने महामंत्री; सर्वसम्मति से संपन्न हुए संगठन के चुनावसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संगठन ने पेयजल एवं सीवरेज योजनाओं के निर्माण और संचालन का कार्य उत्तराखंड जल संस्थान के बजाय उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) को सौंपे जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि इससे जल संस्थान के कार्यक्षेत्र में हस्तक्षेप हो रहा है और विभाग के अस्तित्व पर संकट खड़ा किया जा रहा है। कर्मचारियों ने विभाग के राजकीयकरण की मांग भी उठाई।बुधवार को अधिशासी अभियंता, उत्तराखंड जल संस्थान, ऊधमसिंह नगर के कार्यालय परिसर में आयोजित प्रांतीय स्तर की सभा को संबोधित करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शहरी विकास विभाग के अंतर्गत संचालित पेयजल एवं सीवरेज योजनाओं का निर्माण कार्य जल संस्थान से न कराकर यूयूएसडीए के माध्यम से कराया जा रहा है। वहीं, भविष्य में इन योजनाओं के संचालन की जिम्मेदारी भी जल संस्थान को देने के बजाय यूयूएसडीए द्वारा स्वयं संभालने की तैयारी की जा रही है।

संगठन ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे संबंधित कानूनी प्रावधानों के विपरीत बताया। पदाधिकारियों का कहना था कि एक ओर शासन स्तर पर जल संस्थान के राजकीयकरण की प्रक्रिया में देरी से कर्मचारी निराश हैं, वहीं दूसरी ओर यूयूएसडीए द्वारा मूल अभियांत्रिकी विभागों के कार्यक्षेत्र में हस्तक्षेप किए जाने से कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ रहा है।निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी उठाए सवाल

सभा में यूयूएसडीए के माध्यम से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों में तकनीकी कमियों और लापरवाही के कारण सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। साथ ही, अनियोजित एवं त्रुटिपूर्ण निर्माण कार्यों से आम जनता को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है।

सर्वसम्मति से चुने गए पदाधिकारी

सभा के दौरान उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संगठन के कुमाऊं मंडल के चुनाव भी संपन्न कराए गए। इसमें सर्वसम्मति से पूरन जोशी को कुमाऊं मंडल अध्यक्ष, कपिल कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा मनोज सक्सेना को महामंत्री चुना गया।

वहीं, शाखा स्तर पर हुए चुनाव में चंद्रपाल को शाखा अध्यक्ष और दीपक चंद्र पांडेय को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इस अवसर पर संगठन के प्रदेश संरक्षक रमेश चंद्र बिंजोला, प्रदेश संगठन अध्यक्ष संजय जोशी, प्रदेश महामंत्री श्याम सिंह नेगी, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष श्री सैनी सहित राजकुमार, रणविजय, निखिल कुमार सुधा, धीरेन्द्र प्रताप सक्सेना समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button