बीबीए विभाग की फ्रेशर पार्टी में आदित्य बने मिस्टर फ्रेशर, लक्ष्मी ने जीता मिस फ्रेशर का खिताब
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर के बीबीए विभाग में बुधवार को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत में भव्य फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गीत-संगीत, नृत्य और विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आदित्य को मिस्टर फ्रेशर और लक्ष्मी को मिस फ्रेशर चुना गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अवधेश नारायण सिंह, बीबीए विभागाध्यक्ष प्रो. भारत सिंह राजपूत एवं विभागीय प्राध्यापकों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
फ्रेशर पार्टी में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मिस्टर एवं मिस फ्रेशर प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, प्रतिभा और प्रस्तुति का मूल्यांकन किया गया। इसमें आदित्य ने मिस्टर फ्रेशर और लक्ष्मी ने मिस फ्रेशर का खिताब अपने नाम किया। विजेताओं की घोषणा होते ही उपस्थित विद्यार्थियों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
व्यक्तित्व विकास के लिए जरूरी हैं ऐसे आयोजन
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. अवधेश नारायण सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का भी महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
बीबीए विभागाध्यक्ष प्रो. भारत सिंह राजपूत ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के बीच आपसी समन्वय, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देते हैं। साथ ही, नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से जुड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में प्रो. प्रेम प्रकाश, प्रो. चारु चंद्र ढौंढियाल, डॉ. सिद्धेश्वर सिंह मौर्य, डॉ. सुमन कुमार, डॉ. सर्वजीत सिंह, डॉ. कमला बोरा, डॉ. आशा राणा, डॉ. पूनम रौतेला सहित बीबीए विभाग से डॉ. गरिमा जायसवाल, श्रीमती सोनिया जोशी, श्री विकास पडलिया, श्रीमती गुंजन कलरा, श्री निशांत जनौटी, श्री कांता बल्लभ जोशी एवं श्री दीपांकर उपस्थित रहे।
फ्रेशर पार्टी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन की नई शुरुआत को यादगार बनाने का अवसर दिया। कार्यक्रम उत्साह, उमंग और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।।

