Tuesday, September 29, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

लापरवाह अधिकारियों पर डीएम सख्त, लोक अभियोजकों से स्पष्टीकरण तलब वर्चुअल मासिक समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति परखी, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

लापरवाह अधिकारियों पर डीएम सख्त, लोक अभियोजकों से स्पष्टीकरण तलब

वर्चुअल मासिक समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यों की प्रगति परखी, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देशसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से मासिक स्टाफ बैठक की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और लापरवाही पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रगति की समीक्षा करते हुए प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।

अभियोजन कार्यों की समीक्षा के दौरान संतोषजनक कार्य न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने लोक अभियोजक जयपाल सिंह और सीमा रानी का स्पष्टीकरण तलब किया। भूमि एवं प्रमाण पत्र से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने एसडीएम स्तर पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटवारी की जांच के बाद कानूनगो को भी मौका मुआयना के लिए भेजा जाए और सत्यापन रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराई जाए।

जिलाधिकारी ने ऑनलाइन पोर्टल की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा धारा 143 से संबंधित सभी ऑनलाइन आवेदनों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को संबंधित पोर्टल पर नियमित रूप से लॉगिन कर लंबित प्रकरणों की निगरानी करने को कहा। एसडीएम न्यायालयों में तीन से पांच वर्ष या उससे अधिक समय से लंबित मामलों के निस्तारण में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने मुख्य देयकों के साथ-साथ विविध देयकों की वसूली बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्यों को अगले माह तक शत-प्रतिशत पूरा करने को कहा। धान खरीद को लेकर समय से क्रय केंद्र खोलने तथा फ्लाइंग स्क्वायड दलों की तैनाती के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जिलाधिकारी ने मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए संबंधित एसडीएम को नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जबकि लोक निर्माण विभाग को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जनगणना संबंधी कार्यों में तेजी लाने तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लंबित मामलों का नियमित रूप से निस्तारण करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्रा, एसडीएम तुषार सैनी, हिमांशु कफल्टिया, एएसपी अनुषा बडोला, संयुक्त निदेशक विधि डीएस जंगपांगी, डीजीसी मनोज तिवारी, बरीत सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button