मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयास रंग लाए, थपलियालखेड़ा-टनकपुर विद्युत परियोजना को मिली वन भूमि हस्तांतरण की मंजूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयास रंग लाए, थपलियालखेड़ा-टनकपुर विद्युत परियोजना को मिली वन भूमि हस्तांतरण की मंजूरी
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से जनपद चम्पावत के थपलियालखेड़ा (टनकपुर) विद्युत परियोजना का मार्ग प्रशस्त हो गया है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने परियोजना के लिए 0.105 हेक्टेयर वन भूमि हस्तांतरण की सैद्धांतिक (स्टेज-1) स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे क्षेत्र में वर्षों से बेहतर विद्युत सुविधा की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों को जल्द लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप तैयार किए गए प्रस्ताव के तहत हल्द्वानी वन प्रभाग के अंतर्गत आने वाली 0.105 हेक्टेयर वन भूमि उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) को विद्युत लाइन निर्माण के लिए हस्तांतरित की जाएगी। स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
परियोजना पूरी होने पर थपलियालखेड़ा और आसपास के क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति मजबूत होगी। इससे बच्चों की पढ़ाई, स्थानीय रोजगार, छोटे व्यवसायों और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। बेहतर बिजली व्यवस्था से सीमांत क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर में भी सुधार आने की उम्मीद है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए वन विभाग शारदा वन रेंज में क्षतिपूरक वनीकरण (सीए) के साथ औषधीय पौधों का रोपण करेगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित सभी शर्तों और पर्यावरणीय मानकों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्युत परियोजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जा सके।।

