महापौर विकास शर्मा की पहल लाई रंग, रुद्रपुर के 16.61 करोड़ के ड्रेनेज प्रोजेक्ट को मिली रफ्तार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। शहर को जलभराव से स्थायी राहत दिलाने की दिशा में रुद्रपुर नगर निगम की महत्वाकांक्षी ड्रेनेज परियोजना को बड़ी सफलता मिली है। महापौर विकास शर्मा की पहल पर कुमाऊं मंडल के आयुक्त एवं विकास प्राधिकरण के सचिव दीपक रावत ने अटरिया मोड़ से डीडी चौक होते हुए त्रिशूल चौक तक आरसीसी नाला और फुटपाथ निर्माण की योजना पर सकारात्मक सहमति जताई है।
महापौर विकास शर्मा ने आयुक्त से मुलाकात कर परियोजना का विस्तृत प्रस्ताव और आगणन प्रस्तुत किया। वर्ष 2026-27 के लिए तैयार इस परियोजना की अनुमानित लागत 16 करोड़ 61 लाख 61 हजार रुपये है। इसके तहत एनएच-87 पर अटरिया मोड़ से त्रिशूल चौक तक सड़क के दोनों ओर आधुनिक आरसीसी नालों का निर्माण किया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही हाईवे किनारे पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुटपाथ भी बनाए जाएंगे।
महापौर ने इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी पत्र भेजकर जिला विकास प्राधिकरण के माध्यम से आवश्यक धनराशि शीघ्र स्वीकृत करने का अनुरोध किया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के पास इतनी बड़ी परियोजना को पूरा करने के लिए पर्याप्त वित्तीय संसाधन नहीं हैं।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि बरसात के दौरान शहर में जलभराव की गंभीर समस्या से आम नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानी होती है। यह परियोजना न केवल इस समस्या का स्थायी समाधान करेगी, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को भी अधिक सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में इस जनहितकारी परियोजना को जल्द स्वीकृति मिलेगी और रुद्रपुर को स्मार्ट, सुरक्षित एवं जलभराव मुक्त शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।।

