ड्यूटी के दौरान नशा करने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई, बर्खास्तगी तक पहुंच सकती है कार्रवाई : एसएसपी अजय गणपति
ड्यूटी के दौरान नशा करने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई, बर्खास्तगी तक पहुंच सकती है कार्रवाई : एसएसपी अजय गणपति
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन और पेशेवर कार्यशैली को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की शारीरिक फिटनेस, टर्नआउट, अनुशासन एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी के दौरान या सार्वजनिक स्थानों पर शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे का सेवन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि कोई पुलिसकर्मी नशे की हालत में ड्यूटी करते पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जो बर्खास्तगी तक पहुंच सकती है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को वर्दी की गरिमा तथा विभाग की प्रतिष्ठा के अनुरूप आचरण करना चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराधियों, माफियाओं एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी और परिणामोन्मुख कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बाहरी ड्यूटियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने को कहा। साथ ही पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस पर विशेष जोर देते हुए नियमित व्यायाम, परेड और प्रशिक्षण को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि अनुशासित, फिट और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस बल ही जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकता है तथा कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रख सकता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से जनता की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।।

