Saturday, May 16, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर परिवहन विभाग ने मनाया ‘नो व्हीकल डे’, सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील

रुद्रपुर परिवहन विभाग ने मनाया ‘नो व्हीकल डे’, सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपीलसौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री द्वारा लगातार ईंधन बचत, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण को लेकर किए जा रहे आह्वान का सकारात्मक प्रभाव अब सरकारी विभागों में भी दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में संभागीय परिवहन अधिकारी, हल्द्वानी के निर्देशानुसार परिवहन विभाग रुद्रपुर ने प्रत्येक शनिवार को ‘नो व्हीकल डे’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य ईंधन की बचत करना, बढ़ते वायु प्रदूषण को कम करना तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। शनिवार को आयोजित ‘नो व्हीकल डे’ के तहत परिवहन विभाग रुद्रपुर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निजी पेट्रोल-डीजल वाहनों का उपयोग नहीं किया। कई अधिकारी और कर्मचारी सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के माध्यम से कार्यालय पहुंचे, जबकि कुछ कर्मचारियों ने साइकिल एवं अन्य गैर ईंधन साधनों का प्रयोग कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यालय के समीप रहने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी पैदल ही कार्यालय पहुंचे और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का भी संदेश दिया विभागीय अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर भी पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। यदि सप्ताह में एक दिन भी निजी वाहनों का कम उपयोग किया जाए तो ईंधन की खपत में कमी आने के साथ-साथ प्रदूषण स्तर को भी नियंत्रित किया जा सकता है। परिवहन विभाग ने भविष्य में भी सार्वजनिक परिवहन, कार पूलिंग तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्राथमिकता देने की बात कही है। विभाग का कहना है कि इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि ट्रैफिक दबाव और पर्यावरण प्रदूषण में भी कमी आएगी।

विभाग की ओर से आम जनता से भी अपील की गई है कि वे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें। साथ ही कार पूलिंग, साइकिल चलाने और छोटी दूरी के लिए पैदल चलने जैसी आदतों को अपनाकर ईंधन बचत अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button