मासिक अपराध गोष्ठी में एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश, अपराध नियंत्रण पर जोर
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जनपद उधमसिंहनगर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता अजय गणपति ने की। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना एवं कोतवाली प्रभारी सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
गोष्ठी की शुरुआत में पिछले माह दिए गए निर्देशों की समीक्षा की गई और उनके अनुपालन का आकलन किया गया। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों के प्रति अधिक सतर्क और जवाबदेह रहने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याओं की जानकारी लेकर उनके समाधान के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले 29 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी ने अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए, जिनमें प्रमुख रूप से—
प्रत्येक थाने में बीट पुलिसिंग को मजबूत करते हुए ई-बीट बुक का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करना
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों पर सख्त कार्रवाई
इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन
NBW/BW वारंटों की शत-प्रतिशत तामील
किरायेदार सत्यापन अभियान तेज करना
एफएसएल में लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण
यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फायर ऑडिट और जागरूकता अभियान
नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई
साइबर अपराधों में त्वरित मुकदमा दर्ज कर प्रभावी जांच
लंबित विवेचनाओं और शिकायतों का शीघ्र निपटारा
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए जनपद को अपराधमुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।।

