ऊधम सिंह नगर

अग्नि सेवा सप्ताह पर हरिद्वार में छात्रों को दी गई आग से सुरक्षा की ट्रेनिंग

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

हरिद्वार। अग्नि सेवा सप्ताह (14 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026) के तहत सीआईएसएफ इकाई हरिद्वार द्वारा केंद्रीय विद्यालय, BHEL हरिद्वार में छात्र-छात्राओं के लिए व्यापक अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आपातकालीन परिस्थितियों में सही व त्वरित प्रतिक्रिया देने की क्षमता विकसित करना रहा। इस दौरान सीआईएसएफ के प्रशिक्षित कर्मियों ने आग लगने के संभावित कारणों, उससे बचाव के उपायों और प्राथमिक अग्निशमन तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विभिन्न अग्निशमन यंत्रों के उपयोग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।

कार्यक्रम में एक विशेष इवैक्यूएशन ड्रिल का आयोजन भी किया गया, जिसमें छात्रों और शिक्षकों को आपात स्थिति में सुरक्षित व व्यवस्थित तरीके से भवन खाली करने का अभ्यास कराया गया। इस अभ्यास के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्क और अनुशासित रहने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने कहा कि अग्नि सुरक्षा केवल अग्निशमन कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से घर और विद्यालय दोनों जगह अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में सूझबूझ से कार्य करने की अपील की।

कार्यक्रम में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अग्नि सुरक्षा से जुड़े प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। अंत में विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने सीआईएसएफ टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा जताई।।

error: Content is protected !!
Call Now Button