‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने किया वृक्षारोपण
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चम्पावत स्थित पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के निर्माण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पेड़ लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति और मातृभूमि के प्रति हमारी भावनाओं को व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के नाम पर एक पेड़ अवश्य लगाना चाहिए और उसकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि हिमालयी राज्य उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण का विशेष महत्व है। वृक्षारोपण से न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन को भी मजबूती मिलेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित अधिकारियों, एसएसबी के जवानों और आमजन से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं कार्यक्रम में संबंधित अधिकारी, एसएसबी के जवान एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।।

