हनी ट्रैप गैंग का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार — SSP का सख्त एक्शन
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
ऊधम सिंह नगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ब्लैकमेलिंग कर लाखों रुपये की फिरौती मांगने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने कोतवाली ट्रांजिट कैम्प में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रिया, उसकी सहेली पिंकी उर्फ काजल और अन्य साथियों ने उसे झांसे में बुलाकर मारपीट की और झूठे मुकदमे में फंसाने व जान से मारने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की मांग की। आरोपियों ने पीड़ित से 14 हजार रुपये ऑनलाइन और 30 हजार रुपये नकद वसूल लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 106/2026 धारा 308(5)/115(2)/351(2)/352/127(2) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोतीराम (46) निवासी सम्भल, जिसके पास से 5,500 रुपये बरामद हुए, और पिंकी उर्फ काजल (35) निवासी ट्रांजिट कैम्प, जिसके पास से 12,000 रुपये बरामद हुए हैं, शामिल हैं। पुलिस ने कुल 17,500 रुपये की बरामदगी की है। बताया जा रहा है कि पिंकी उर्फ काजल पहले से भी एक अन्य मामले में वांछित चल रही थी।
पुलिस पूछताछ में गैंग के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक मनोज जलाल, हेड कांस्टेबल सुभाष चन्द्र और महिला कांस्टेबल कंचन चौधरी की टीम ने अंजाम दिया।।

