रुद्रपुर में पुलिस मुठभेड़: अवैध असलाह सप्लायर बंटी कोली गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जनपद में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात असलाह सप्लायर बंटी कोली को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बंटी कोली के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है। उसके साथ उसका साथी मनोज कुमार भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि रुद्रपुर क्षेत्र में अवैध तमंचों की सप्लाई करने वाला बंटी कोली मोदी मैदान के पास हथियारों की डिलीवरी देने आने वाला है। सूचना के आधार पर एसओजी टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही बंटी कोली ने पुलिस पर चार राउंड फायर कर दिए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी चार राउंड फायर किए, जिसमें बंटी कोली के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं। बंटी कोली से सात तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, एक पिस्टल 30 बोर, 16 जिंदा कारतूस, एक 12 बोर कारतूस, एक मोटरसाइकिल और लगभग 4 हजार रुपये बरामद किए गए। वहीं मनोज कुमार से एक तमंचा 315 बोर, 10 जिंदा कारतूस और करीब 3 हजार रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक बंटी कोली का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2024 में उसे तीन माह के लिए जिला बदर भी किया गया था, लेकिन उसने आदेश का उल्लंघन किया था।
दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और अवैध हथियार रखने के आरोप में कोतवाली ट्रांजिट कैंप में धारा 109/111 बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।।

