अजय गणपति ने पत्रकार वार्ता में गिनाईं प्राथमिकताएं; कहा— “अपराध मुक्त समाज और पारदर्शी पुलिसिंग हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता”
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। दिनांक 17 फरवरी 2026 को पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में आयोजित समन्वय गोष्ठी के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पत्रकार बंधुओं से संवाद किया मीडिया को पुलिस और जनता के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य केवल अपराधों की रोकथाम नहीं, बल्कि आमजन के भीतर सुरक्षा और विश्वास का भाव उत्पन्न करना है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि “अपराध मुक्त समाज और पारदर्शी पुलिसिंग हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” इस दौरान उन्होंने जनपद पुलिस के लिए निम्नलिखित प्रमुख प्राथमिकताएं निर्धारित कीं—
जनसुनवाई एवं पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग
प्रत्येक फरियादी की बात संवेदनशीलता से सुनते हुए प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। थानों में आने वाले लोगों को न्याय का अहसास हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम
जनपद पुलिस को किसी भी सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश जारी किए गए, ताकि कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
महिला एवं बाल सुरक्षा (Zero Tolerance)
महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई जाएगी। ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर त्वरित विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नशे के विरुद्ध ‘सर्जिकल स्ट्राइक’
नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। केवल छोटे विक्रेताओं पर ही नहीं, बल्कि मुख्य सप्लायर (किंगपिन) के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति अपनाई जाएगी।
साइबर क्राइम रिस्पांस
बढ़ते डिजिटल फ्रॉड को रोकने के लिए साइबर सेल को और आधुनिक बनाया जाएगा, जिससे पीड़ितों की मेहनत की कमाई को समय रहते सुरक्षित किया जा सके।
सुगम यातायात व्यवस्था
जनपद को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए यातायात प्रबंधन को वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित ढंग से लागू किया जाएगा।
सघन सत्यापन अभियान
असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान हेतु पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा।
मीडिया एवं कम्युनिटी पुलिसिंग
सूचनाओं के बेहतर आदान-प्रदान के लिए मीडिया सेल को और सक्रिय किया जाएगा तथा अपराध नियंत्रण में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
एसएसपी ने अंत में कहा कि पुलिस और जनता के समन्वय से ही सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज का निर्माण संभव।।

