सड़क सुरक्षा ही जीवन रक्षा” का संदेश: हिमालयन प्रोग्रेसिव स्कूल में 100 से अधिक छात्रों ने कला के ज़रिये दिखाई जागरूकता
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
किच्छा । सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सचल दल-2 पुलभट्टा द्वारा शुक्रवार को हिमालयन प्रोग्रेसिव स्कूल, किच्छा में एक सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” विषय पर कला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यालय के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने रचनात्मक अभिव्यक्ति द्वारा सड़क सुरक्षा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क पार करने के सुरक्षित तरीकों, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग तथा सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क का सही और जिम्मेदार उपयोग कर न केवल स्वयं को बल्कि दूसरों को भी दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखा जा सकता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य महोदय को सड़क सुरक्षा कैलेंडर भेंट किया गया। साथ ही प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य भावी पीढ़ी को सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाना रहा, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके।
इस दौरान परिवहन विभाग से परिवहन कर अधिकारी आशुतोष डिमरी , परिवहन आरक्षी देवेन्द्र गिरी , राजीव तिवारी , भुवनेश कुमार, चालक नंदराम , विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।।

