हरित चर्चा: पर्यावरण संरक्षण के लिए एक कदम
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
लोक खुशहाली चैरिटेबल ट्रस्ट के सभागार में आयोजित _हरित चर्चा_ कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। क्षेत्रीय संयोजक रणवीर जी ने उपस्थित लोगों से पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अनुभवों को साझा करने का आग्रह किया।
प्रति व्यक्ति प्रयोग में आने वाली ऑक्सीजन को बढ़ाने, जल के प्रयोग को कम करने, रसायन रहित साबुन का प्रयोग करने, बीजारोपण, पौधारोपण, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, और हरित घर के निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
डॉ. विनोद पागरानी ने कहा कि हमें नहाते समय फव्वारे की जगह बाल्टी का प्रयोग करना चाहिए, जिससे जल का बचाव होता है। प्रान्त संयोजक शिवेन्द्र जी ने कहा कि संकल्प के आधार पर पर्यावरण को सुरक्षित रखना संभव है, इसलिए बरेली महानगर ने कुओं के संरक्षण का संकल्प लिया है।
नारी शक्ति प्रांत संयोजिका प्रीति सिंह जी ने कहा कि पर्यावरण को बचाना हम सब की जिम्मेदारी है और इस कार्य को सभी को मिलकर करना होगा, तभी हम अपनी आने वाली पीढ़ी को एक शुद्ध वातावरण दे पाएंगे।
शैलेंद्र विक्रम जी ने कहा कि पर्यावरण में सभी जीवों का संतुलन बना रहना ही मानव जीवन का मुख्य आधार है। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रमुखों ने अपनी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों के विषय में बताया।
इस अवसर पर सामाजिक संस्थाओं से मीनाक्षी चंद्र, तरुण कपूर, नीतू, हेमा अडवाणी, अंजना राठौर, भावना सिंह, अभिनव पाल, पंकज झा, शालू सक्सेना, शीलू त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे। मंच का संचालन एडवोकेट मनोज बाजपेई ने किया और महानगर संयोजक सुदीप ने सभी आगन्तुकों का आभार व्यक्त किया।।

