शैक्षिक भ्रमण से बढ़ता है ज्ञान और कल्पनाशक्ति
सुरज पाल/टुडे हिंदुस्तान
नगर के प्रकाश इंटर कॉलेज के 54 छात्र-छात्राओं ने हाल ही में एक शैक्षिक भ्रमण के दौरान देश की अमूल्य ऐतिहासिक धरोहरों का सजीव अध्ययन किया। यह शैक्षिक भ्रमण उप प्रधानाचार्य सुरेश कुमार एवं शिक्षिका कु. फाइमा के निर्देशन में संपन्न हुआ।
भ्रमण के दौरान
– विद्यार्थियों ने ताजमहल, आगरा किला तथा फतेहपुर सीकरी स्थित बुलंद दरवाजे का अवलोकन किया।
– बच्चों ने गाइड के माध्यम से मुगलकालीन विरासत, कला एवं वास्तुकला, भव्य गलियारों, बाग-बगीचों, महलों, दरबार हॉल, गुप्त रास्तों और अंधियारे कमरों के साथ-साथ उस दौर की सत्ता, परिवार और इतिहास से जुड़ी रोचक जानकारियां प्राप्त कीं।
ज्ञानवर्धक अनुभव
– छात्र-छात्राओं ने जाना कि सफेद संगमरमर से निर्मित ताजमहल विश्व के आश्चर्यों में से एक है, आगरा किला विश्व धरोहर के रूप में प्रतिष्ठित है तथा बुलंद दरवाजा विश्व का सबसे ऊंचा द्वार माना जाता है।
– बच्चों ने अनुभव साझा करते हुए बताया कि जब पुस्तकों में पढ़ी गई बातें प्रत्यक्ष रूप से देखने को मिलती हैं तो वे लंबे समय तक स्मरण में बनी रहती हैं।
भ्रमण का नेतृत्व
इस शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों के ज्ञान के साथ-साथ उनकी कल्पनाशक्ति में भी वृद्धि हुई। पूरे भ्रमण का नेतृत्व एवं मार्गदर्शन प्रधानाचार्य मनीराम द्वारा किया गया।।

