मानसून में आपदा से निपटने के लिए तहसीलदार ने कसी कमर
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रूद्रपुर। मानसून से पहले आपदा की तैयारियों से निपटने के लिए तहसील प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी के निर्देश पर तहसीलदार दिनेश कुटोला खुद आपदा से निपटने की तैयारियों में जुट गये हैं। उन्होंने अधीनस्थों को आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए अभी से इंतजाम दुरूस्त करने को कहा है।
बता दें मानसून के दौरान हर बार जलभराव और बाढ़ की स्थिति का सामना करना पड़ता है। रूद्रपुर क्षेत्र में कई इलाकों में जलभराव की समस्या रहती है, साथ ही कल्याणी नदी सहित कुछ अन्य नदी नालों में जल स्तर बढ़ने से आबादी को नुकसान पहुंचता है। गत वर्षों में आई बाढ़ और जलभराव को देखते हुए तहसील प्रशासन इस बार मानसून से पहले ही आपदा से निपटने की तैयारियों को दुरूस्त करने में जुट गया है।
तहसीलदार दिनेश कुटोला ने तैयारियों के सम्बंध में जानकारी देते हुए कहा कि आपदा के दौरान जरूरत पड़ने पर बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत कैम्प लगाने हेतु सरकारी स्कूलों की सूची तैयार कर ली गयी है। इसके अलावा जेसीबी संचालकों की सूची तैयार कर ली गयी है, ताकि जरूरत पड़ने पर उनकी मदद ली जा सके कल्याणी नदी के किनारे खतरे की जद में रह रहे लोगों को नोटिस जारी किये गये हैं। बाजार क्षेत्र में नालियों की निकासी दुरूस्त करने के लिए भी कार्यवाही की जा रही है। तीन पानी डाम के पास नहर की सफाई की जा रही है। इसके अलावा बाढ़ चौकियों की भी सूची तैयार की गयी है। आपदा के दौरान काम करने के लिए कर्मचारियों की सूची भी तैयार की गयी है।
तहसीलदार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर मानसून सत्र के दौरान आपदा से निपटने के लिए सभी पुख्ता इंतजात किये जा रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर आपदा प्रभावितों को राहत प्रदान की जा सके।।