उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से, नकल विहीन व पारदर्शी संचालन के निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। वर्ष 2026 की आगामी 21 फरवरी से प्रारम्भ होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के सफल, पारदर्शी एवं नकल-विहीन संचालन हेतु सभी संबंधित अधिकारियों को गंभीरता से दायित्व निर्वहन के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्देश अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार पर ही सघन चेकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार का अनुचित साधन परीक्षा कक्ष तक न पहुंच सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्देश्य नकल रोकना है, परीक्षार्थियों को भयभीत करना नहीं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सुचारु रखने तथा संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने प्रश्नपत्र खोलने से पूर्व तिथि एवं विषय की भली-भांति जांच करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित तिथि का प्रश्नपत्र ही परीक्षा कक्ष में खोला जाए। परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। परीक्षा केंद्रों पर सुव्यवस्थित संचालन की पूर्ण जिम्मेदारी केंद्र प्रभारी एवं कस्टोडियन की होगी। प्रश्नपत्रों को सुरक्षित डबल लॉक में रखने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा केंद्रों की 100 गज की परिधि में बीएनएसएस की धारा 163 लागू रहेगी मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत ने जानकारी दी कि इस वर्ष जनपद में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के कुल 39,924 छात्र-छात्राएं बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
हाईस्कूल परीक्षा:
10,336 बालक (संस्थागत)
10,714 बालिका (संस्थागत)
170 बालक (व्यक्तिगत)
142 बालिका (व्यक्तिगत)
कुल: 21,362 परीक्षार्थी
इंटरमीडिएट परीक्षा:
8,355 बालक (संस्थागत)
9,442 बालिका (संस्थागत)
414 बालक (व्यक्तिगत)
351 बालिका (व्यक्तिगत)
कुल: 15,945 परीक्षार्थी
शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन हेतु जनपद में 110 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 101 मिश्रित एवं 9 एकल परीक्षा केंद्र शामिल हैं। इनमें से 37 केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं।
सबसे अधिक परीक्षार्थियों वाला केंद्र देशबंधु इंटर कॉलेज, पिपलिया नं.-1, गदरपुर है, जहां 12×40 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जबकि सबसे छोटा केंद्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, तीरथ जसपुर है, जहां 60 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी समस्या की स्थिति में मोबाइल नंबर 9759422324, 7895945044 एवं 9760663559 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी केएस रावत, जिला शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा सहित खंड शिक्षा अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक/प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।।

